स्टार न्यूज़ एजेंसी
नई दिल्ली. रक्षा मंत्री ए.के.एंटनी ने कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान दुनिया भर में फैले आतंकवाद के केन्द्र बिन्दु के रूप में उभरे हैं। एंटनी ने 'संघर्ष के बदलते आयाम : रूख और अनुक्रिया' विषय पर आयोजित एक अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि दुनियाभर में खासकर दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया में आतंक की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा, कि हमारे पड़ोस खासकर पाकिस्तान एवं अफगानिस्तान में पिछले कुछ महीनों में घटी घटनाओं ने दक्षिण एशिया को इस संघर्ष और अस्थिरता का केन्द्र बना दिया है।
उन्होंने कहा कि आज शायद ही ऐसा कोई देश है जो आतंकवाद से प्रभावित न हो और आतंकवाद के खिलाफ मुहिम में शामिल न हो। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय मुद्दे तो अपनी जगह हैं ही, ऐतिहासिक विवादों, वैचारिक पक्षपात, आर्थिक विषमता, धार्मिक संर्कीणता, ऊर्जा सुरक्षा और जल की कमी कोई कम बड़ी समस्याएं नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक संघर्ष केवल राष्ट्रों के बीच सीमित नहीं हैं बल्कि वह उपराष्ट्रीयताओं, आतंकवादियों, चरमपंथियों, धर्मांधों एवं जातीय हितों तक भी फैल गया है।
परमाणु हथियार आतंकवादियों के हाथों में पहुंचने के खतरे पर चिंता प्रकट करते हुए एंटनी ने कहा कि इस स्थिति के परिणाम अकल्पनीय होंगे। उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों को ऐसे तत्वों पर अपनी सर्वोच्चता बनाए रखनी होगी तथा ऐसे खतरों से निपटने के लिए राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तरों पर सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल बहुत जरूरी है।

0 Comments