स्टार न्यूज़ एजेंसी
चंडीगढ़. हरियाणा के कृषि विभाग द्वारा राज्य में मृदा संरक्षण को बढ़ावा देने के अपने अभियान के तहत चालू वित्त वर्ष के दौरान किसानों को तीन लाख मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध करवाए जाएंगे।
कृषि विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि आगामी पांच वर्षों के दौरान ऐसे 15.28 लाख कार्ड उपलब्ध करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान राराज्य सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्य में किसानों को छह लाख मृदा स्वास्थ्य कार्ड पहले ही जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में अधिकतम कृषि उत्पादन द्वारा कृषक समुदाय की आय में वृध्दि करने के लिए राज्य में मृदा संरक्षण को बढ़ावा देने का एक अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के अन्तर्गत मृदा परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर मृदा स्वास्थ्य कार्ड तैयार किए जा रहे हैं और ये कार्ड किसानों को नि:शुल्क उपलब्ध करवाए जाते हैं। इन मृदा स्वास्थ्य कार्डों के आधार पर किसानों को मृदा की उत्पादकता बढ़ाने के लिए उर्वरकों के उचित उपयोग के बारे जागरूक किया जाता है।
अम्बाला, पंचकूला और यमुनानगर जिलों में किसानों को तीन हैक्टेयर भूमि जोत तक 50 प्रतिशत की दर से और तीन हैक्टेयर से अधिक भूमि जोत के लिए 25 प्रतिशत की दर से सबसिडी उपलब्ध करवाई जाती है, जिसकी अधिकतम सीमा 20,000 रुपये है, जबकि अन्य जिलों के लिए सबसिडी की दर 15,000 रुपये निर्धारित है।

बहुत अच्छी जानकारी है धन्यवाद्