कृष्णराज पाठक
सोरों (उत्तर प्रदेश). नवनिर्मित कांशीराम नगर स्थित महाकवि तुलसी दास की नगरी सोरों की पुलिस लाइंस में गणतंत्र-दिवस, जिस अंदाज़ में मनाया गया, वह स्थानीय और ज़िला-प्रशासन की जागरूकता की धज्जियां उड़ाने के लिए इन दिनों विशेष चर्चा में रहा.
26 जनवरी को यहां 61 वें गणतंत्र-दिवस को 60 वें गणतंत्र-दिवस के रूप में मनाकर यहां के आला-अधिकारी मुसीबत में पड़ गए हैं. इसका एक सबसे बड़ा प्रमाण आगरा-पीलीभीत मार्ग पर लगा वह बैनर दिखाई दिया, जो शायद पिछले साल का ही रहा होगा और किसी भी अधिकारी ने इसे संशोधित कराने की ज़हमत नहीं उठाई. इसको लेकर लोगों में प्रशासनिक अधिकारियों की जागरूकता को लेकर सवालिया निशान खड़े हुए हैं.
इस भव्य आयोजन में जिलाधिकारी (कांशीराम नगर) आरके. सिंह, पुलिस कप्तान आर. पी. चतुर्वेदी और ज़िला जज भी मौजूद थे. अनेक राजनीतिक और ग़ैर राजनीतिक संगठनों ने इस पर अपनी तीखी प्रतिक्रियाएं व्यक्त की हैं. लोग इसे भारतीय गणतंत्र-दिवस का अपमान मान रहे हैं.


0 Comments