स्टार न्यूज़ एजेंसी
गुड़गांव (हरियाणा). गुड़गांव से दिल्ली मैट्रो सैक्शन के लिए ट्रायल रन 29 जनवरी को गुड़गांव के सैक्टर 29 स्थित हुडा सिटी सैन्टर मैट्रो स्टेशन से शुरू होगा। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा तथा केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री एस. जयपाल रेड्डी मौजूद रहेंगे।
एक सरकारी प्रवक्ता ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री द्वारा कल दोपहर 12 बजे मैट्रो के इस ट्रायल रन को झंड़ी दिखाकर रवाना किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में केन्द्रीय शहरी विकास राज्यमंत्री सौगाता राय, कषि और सहकारिता राज्य मंत्री सुखबीर कटारिया, गुड़गांव से सांसद राव इंद्र जीत सिंह, बादशाहपुर से विधायक राव धर्मपाल, दिल्ली मैट्रो रेल निगम के अध्यक्ष और केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री के सचिव रामचन्द्रन, दिल्ली मैट्रो रेल के प्रबन्ध निदेशक ई. श्रीधरण भी समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। इसके अतिरिक्त, हरियाणा की मुख्य सचिव उर्वशी गुलाटी, वित्तायुक्त एवं प्रधान सचिव डी.एस. ढेसी भी इस समारोह में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि इस सैक्शन के ट्रायल रन में लगभग 11 किलोमीटर की दूरी को कवर किया जाएगा, जिसके तहत हुड्डा सिटी सैंटर मैट्रो स्टेशन, इफ्फको चौंक मैट्रो स्टेशन, एम जी रोड मैट्रो स्टेशन, सिकंदरपुर मैट्रो स्टेशन, गुरूद्रोणाचार्य मैट्रो स्टेशन, अर्जनगढ़ मैट्रो स्टेशन, घितोरणी और सुलतानपुर मैट्रो स्टेशन शामिल है। इस 7.05 किलोमीटर लम्बे गुड़गांव- दिल्ली मैट्रो रेल सैक्शन का कार्य दिसम्बर, 2006 में 763 करोड़ रुपये की लागत से आरम्भ किया गया और इसे तीन वर्षों की अवधि में पूरा किया गया है। गुड़गांव से कुत्तुब मीनार तक मैट्रो रेल की औपचारिक औपनिंग आगामी मई में होने की आशा है और इसका इस वर्ष जून तक केन्द्रीय सचिवालय तक विस्तार किया जाएगा।
इसी दौरान हुडा, गुड़गांव की प्रशासक दीप्ति ऊमा शंकर और उपायुक्त राजेन्द्र कटारिया, दिल्ली मैट्रो रेल निगम के मुख्य परियोजना अधिकारी दलजीत सिंह के साथ-साथ उपायुक्त (मुख्यालय) कुलविंदर सिंह ने हुडा सिटी सैंटर मैट्रो स्टेशन पर मैट्रो रेल ट्रायल के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

0 Comments