स्टार न्यूज़ एजेंसी
नई दिल्ली. युगांडा के उप-राष्ट्रपति डॉ.गिलबर्ट बालीबासेका बुकेनया ने अपने तेल और गैस क्षेत्र के तेजी से विकास के लिए भारतीय सहायता का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि हाईड्रोकार्बन सहित विभिन्न क्षेत्रों के विकास के लिए भारत युगांडा को अपने माध्यमों से सहायता प्रदान कर सकता है। युगांडा के उप-राष्ट्रपति ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री मुरली देवरा के साथ युगांडा के कंपाला में हुई एक मुलाकात के दौरान यह विचार व्यक्त किए।
बैठक के दौरान देवरा ने युगांडा को तेल और गैस क्षेत्र के विकास में सभी संभव सहायता देने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रतिनिधिमंडल युगांडा में सिर्फ व्यापारिक दृष्टिकोण से नहीं आया है बल्कि भारत दोनों देशों के बीच साझेदारी में और प्रगति की भी उम्मीद रखता है।
ओएनजीसी के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक आर. एस. शर्मा ने कई देशों में कंपनी की व्यापक उपस्थिति की जानकारी दी। देवरा ने भारत की तेल और गैस क्षेत्र की कंपनियों और अफ्रीकी देशों के बीच लाभकारी निवेश का वातावरण बनाने की दृष्टि से सूडान, नाईजीरिया, अंगोला और युगांडा चार अफ्रीकी देशों की यात्रा की। उनके साथ ओएनजीसी, आईओसी, गेल और ओवीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी इस यात्रा में शामिल है।

0 Comments