स्टार न्यूज़ एजेंसी
नई दिल्ली. सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ''हिन्ट इंस्टीटयूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन'' को सामुदायिक रेडियो केंद्र स्थापित करने, अनुरक्षण करने तथा चलाने के लिए मंजूरी प्रदान कर दी है। इस आशय का पत्र अंतर-मंत्रालयी समिति की सिफारिशों के बाद जारी कर दिया गया है। तीन महीनों में इस रेडियो केंद्र के आरंभ होने की संभावना है। इसके साथ ही देश में सामुदायिक रेडियो केंद्रों (सीआरएस) की कुल संख्या 64 हो जाएगी।
''हिन्ट इंस्टीटयूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन'' हिन्ट ग्रुप ऑफ पब्लिकेशन एंड इलैक्ट्रोनिक मीडिया का एक प्रोजेक्ट है और उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ियाबाद में स्थित है। सीआरएस का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि तथा कृषि संबंधी शिक्षा एवं सूचना, खेल एवं मनोरंजन तथा संबध्द विषयों पर चर्चा में समाज को शामिल करना और जनजागृति का प्रसार है।
मंत्रालय सामुदायिक रेडियो केंद्रों की स्थापना के ज़रिए स्थानीय समुदायों को अपने विचार तथा अभिव्यक्तियों को व्यक्त करने का अवसर प्रदान करने के लिए प्रोत्साहन देता है और महिलाओं तथा युवाओं के सशक्तिकरण में सहायता देता है। इसके साथ-साथ यह रेडियो केंद्र पिछडे समूहों को स्थानीय स्वशासन, सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास में भाग लेने के लिए बढ़ावा देता है।

0 Comments