सरफ़राज़ ख़ान
हिसार (हरियाणा). चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. एच.डी. यादव ने किसानों को आगाह किया है कि कुछ असामाजिक तत्व विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित मासिक कृषि पत्रिका के लिए चंदा उगाह कर उन्हें चूना लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें मिली जानकारी के मुताबिक यह लोग अपने आपको विश्वविद्यालय का एजेंट बताकर किसानों से विश्वविद्यालय की मासिक पत्रिका 'हरियाणा खेती' का वार्षिक अथवा आजीवन सदस्यता के लिए चंदा ले रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय द्वारा ऐसा कोई एजेंट नियुक्त नहीं किया गया है। उन्होंने इस ठग्गी से बचने के लिए किसानों से अपील की है कि वे उक्त पत्रिका के लिए वार्षिक अथवा आजीवन सदस्यता चंदा केवल विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर स्थित विस्तार शिक्षा निदेशालय के कार्यालय अथवा जिला स्तर पर विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केन्द्रों में ही जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसान किसी व्यक्ति अथवा एजेंट को चंदा जमा करवाते हैं तो इसके लिए हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय उत्तरदायी नहीं होगा।

0 Comments