स्टार न्यूज़ एजेंसी
देहरादून (उत्तराखंड). भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने देहरादून के दृष्टिबाधितों के लिए राष्ट्रीय संस्थान में एक सामुदायिक रेडियो केन्द्र स्थापित करने, उसका रखरखाव करने और उसके संचालन के लिए अनुमति समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।
अन्तर्मंत्रालय समिति की सिफारिशों और अनेक मंत्रालयों से आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद इस संस्थान को सहमति पत्र जारी किया गया। इस समझौते के अनुसार सामुदायिक रेडियो केन्द्र तीन महीनों के भीतर काम करने लगेगा। इसके साथ ही देश में सामुदायिक रेडियो केन्द्रों की तादाद बढ़कर 66 हो जाएगी।
यह सामुदायिक रेडियो केन्द्र नेत्रहीन लोगों, उनके परिवारों और सामुदायिक संस्थानों के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण, रोजगार और अन्य उपलब्ध सुविधाओं पर सूचना सम्प्रेषित करने के उद्देश्य से किया जाएगा और यह नेत्रहीन लोगों की प्रतिभा दर्शाने के लिए एक मंच के रूप में काम करेगा। यह सामुदायिक रेडियो महिलाओं के सशक्तीकरण, दृष्टिबाधित लोगों की शिक्षा और पुनर्वास के सभी पहलुओं पर अध्ययन आयोजित, प्रायोजित, समन्वित या आर्थिक सहायता देने के लिए और दृष्टिबाधित बच्चों और वयस्कों को क्रमश: स्कूलों और समाज में एकीकृत करने के लिए एक अवसर प्रदान करता है। सूचना प्रसारण मंत्रालय सामुदायिक रेडियो केन्द्रों की स्थापना को प्रोत्साहन देता है, क्योंकि इससे स्थानीय समुदायों को अपने विचार प्रकट करने का, अपनी बातों को बांटने का अवसर प्रदान करता है और खासतौर पर महिला, युवा और सीमान्त समूहों को स्थानीय स्वशासन और क्षेत्र के पूर्ण सामाजिक-आर्थिक और सांस्कृतिक विकास में भागीदार बनने की शक्ति प्रदान करता है।

0 Comments